जन्मदिन बना सेवा का उत्सव: व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने विद्यार्थियों को बांटी टाई-बेल्ट, कराया पोषणयुक्त न्योता भोज

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

सूरजपुर/ प्रेमनगर:-* प्रेमनगर विकास खंड शिक्षा अधिकारी प्रताप सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में कोटेया संकुल प्राचार्य लिनू मिंज, हरिहरपुर उपसरपंच दिलेश्वर सिंह ख़ुसरो, सेवानिवृत प्रधान पाठक रामनाथ कन्नौजे, मा. शाला हरिहरपुर प्रधान पाठक सुश्री नीतू पटेल, प्रा. शाला प्रधान पाठक ठाकुर राम करियाम, सुश्री राधेश्वरी उइके व अशोक प्रजापति की उपस्थिति में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया के व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला हरिहरपुर में सभी छात्र छात्राओं को टाई बेल्ट वितरण कर न्योता भोज कराया गया। यह कार्यक्रम सरकार की एक सामुदायिक पहल है, जिसके तहत लोग अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह या किसी विशेष अवसर पर स्कूली बच्चों को अपनी स्वेच्छा से पौष्टिक भोजन या अतिरिक्त आहार कराते हैं।
बता दें कि व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर विद्यार्थियों को टाई-बेल्ट प्रदान करने व न्योता भोज कराने का उद्देश्य उनमें विद्यालय के प्रति अपनत्व, अनुशासन एवं स्वच्छ व सुसज्जित गणवेश की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। वहीं शासन के पोषणयुक्त न्योता भोज के माध्यम से बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व का संदेश दिया गया। बच्चों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और श्री ध्रुव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

*पोषणयुक्त न्योता भोज निश्चित रूप से प्रेरणादायी पहल है- प्रताप पैकरा*

पोषणयुक्त न्योता भोज पर विकास खंड शिक्षा अधिकारी प्रताप सिंह पैकरा ने कहा व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने अपने जन्मदिन को विद्यार्थियों के साथ मनाकर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की एक अच्छी मिसाल प्रस्तुत की है। बच्चों के लिए टाई-बेल्ट वितरण और पोषणयुक्त न्योता भोज निश्चित रूप से प्रेरणादायी पहल है।

कोटेया संकुल प्राचार्य लीनू मिंज ने कहा- “विद्यालय के बच्चों के बीच इस तरह का आयोजन उनके लिए खुशी और उत्साह का अवसर है। श्री ध्रुव द्वारा विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए टाई-बेल्ट प्रदान करना एवं न्योता भोज कराना सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्य है।” उपसरपंच दिलेश्वर खुसरो ने कहा बच्चों के साथ जन्मदिन मनाकर उन्हें उपहार देना और पौष्टिक भोजन कराना एक संवेदनशील एवं सकारात्मक पहल है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अपनत्व, सहयोग और सामाजिक मूल्यों की भावना को मजबूत करते हैं। प्रधान पाठक सुश्री नीतू पटेल ने कहा श्री ध्रुव सर द्वारा हमारे विद्यालय में के छात्रों को टाई बेल्ट के साथ न्योता भोज कराना अनुकरणीय है। व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने कहा बच्चों के चेहरे पर खुशी देखकर मुझे अपने जन्मदिन की वास्तविक खुशी मिली। मेरा प्रयास है कि व्यक्तिगत खुशियों को समाज और विद्यार्थियों के साथ साझा किया जाए। बच्चों को टाई-बेल्ट प्रदान करने और पोषणयुक्त न्योता भोज कराने का उद्देश्य उन्हें प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित शिक्षकों ने श्री ध्रुव की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन को व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों की खुशियों और जरूरतों से जोड़ना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। यह आयोजन प्रेमनगर विकासखंड में सेवा, शिक्षा, अनुशासन और पोषण को जोड़ने वाली एक प्रेरणादायी पहल बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *