जिला विद्यालय निरीक्षक ने संत तुलसी पब्लिक स्कूल में किया आकस्मिक निरीक्षण, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र*

Blog

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा, ।
इंदिरा नगर स्थित संत तुलसी पब्लिक स्कूल में बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक श्री दिनेश कुमार का आकस्मिक भ्रमण हुआ। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन तथा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और विद्यालय परिवार द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय के वरिष्ठ छात्र-छात्राओं के साथ पुस्तकालय में संवाद स्थापित कर अपने अनुभव साझा किए तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का गहन अध्ययन, नियमित लेखन अभ्यास, समयबद्ध एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाने तथा आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ही उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम का आधार हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने, समय का सदुपयोग करने, निराशा को स्वयं पर हावी न होने देने तथा शिक्षकों एवं अभिभावकों के सतत मार्गदर्शन का पालन करने की सलाह दी। साथ ही दैनिक डायरी लेखन की आदत विकसित करने पर भी विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के कार्यकारी प्रबंधक डॉ. मनीष कुमार गुप्ता, डायरेक्टर जगनायक यादव, उपप्रधानाचार्या डॉ. रिंकु सिंह, सीनियर कोऑर्डिनेटर सतीश त्रिपाठी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया गया तथा विद्यार्थियों के लिए दिए गए प्रेरणादायी एवं अमूल्य मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *