*25 हजार का इनामी शातिर अपराधी छोटेलाल उर्फ लादेन गिरफ्तार, तमंचा व चोरी की बाइक बरामद*

Blog

ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। कोतवाली जालौन पुलिस एवं स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी एवं शातिर अपराधी छोटेलाल उर्फ लादेन को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा चोरी की एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक जालौन, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी जालौन के निर्देशन में चलाए जा रहे रात्रि गश्त एवं चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर कोतवाली जालौन पुलिस एवं स्वाट टीम ने शुक्रवार की रात्रि साढे बारह बजे लौना रोड से उदोतपुरा लिंक मार्ग स्थित यूकेलिप्टस के बाग के पास घेराबंदी कर अभियुक्त छोटेलाल उर्फ लादेन पुत्र कमलेश निवासी ग्राम चुर्खी, थाना चुर्खी, जनपद जालौन को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा चोरी की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (संख्या यूपी-92 वाई-6196) बरामद हुई है। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली जालौन में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार छोटेलाल उर्फ लादेन का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, गुण्डा एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में जालौन, झांसी एवं विभिन्न थानों में लगभग 20 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि मान रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जालौन एवं स्वाट टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *