ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। नगर के सबसे व्यस्त सरदार पटेल चौराहे पर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी के कारण प्रतिदिन जाम की समस्या बनी रहती है। चालक चौराहे और मुख्य मार्ग पर आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर बीच सड़क पर ही सवारियां भरते और उतारते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। राहगीरों, दुकानदारों तथा अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने के बजाय ई-रिक्शा और टेंपो चालक चौराहे के बीचों-बीच वाहन रोक देते हैं, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। व्यस्त समय में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि सरदार पटेल चौराहे पर पुलिस का पिंक बूथ स्थापित होने के बावजूद ई-रिक्शा और टेंपो चालक बेखौफ होकर आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राहगीरों का कहना है कि आए दिन लगने वाले जाम के कारण लोगों का समय बर्बाद होता है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। नगरवासियों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि चौराहे पर नियमित निगरानी बढ़ाई जाए तथा अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने वाले ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ई-रिक्शा और टेंपो के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नगर की यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
