अभिवादन एक्सप्रेस
सनत कुमार बुधौलिया
उरई। जनपद के आमजन को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श, विवादों के समाधान तथा लोक अदालत से संबंधित जानकारी के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव (पूर्णकालिक) मनाली चन्द्रा ने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का विशेष उद्देश्य गरीब, वंचित, महिलाओं, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद वर्गों को न्यायिक सहायता एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि जानकारी अथवा संसाधनों के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति अपने अधिकारों और सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आमजन को संबंधित योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता के अनुसार लाभान्वित करने की कार्रवाई की जाएगी। यह शिविर लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान, विधिक अधिकारों की जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित होने के लिए प्रेरित करें।