बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। नगर के मोहल्ला शाहगंज निवासी एक महिला ने अपने पति एवं ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट करने, घर से निकालने तथा बच्चों को अपने पास रखने का आरोप लगाते हुए कोतवाली जालौन में शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।तकसीम पत्नी साहवे आलम ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह लगभग नौ वर्ष पूर्व हुआ था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे लगातार मारपीट करते थे तथा घर का पूरा काम करवाते थे। विरोध करने पर पति साहवे आलम सहित अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और उसे केवल पहने हुए कपड़ों में उसके एक पुत्र आमिर के साथ घर से निकाल दिया।
महिला का आरोप है कि उसके दो पुत्र कुबैर और अब्दुल्ला को ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया है। पिछले तीन माह से वह मोहल्ला शाहगंज में किराए के कमरे में रह रही है। महिला ने बताया कि उसे रिश्तेदारों से जानकारी मिली है कि उसके दोनों छोटे बच्चों से घर का काम और पोछा आदि करवाया जा रहा है।
प्रार्थिनी ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। महिला ने पुलिस से अपने बच्चों को वापस दिलाने तथा मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
