– न्योता भोज के माध्यम से बच्चों को मिला विशेष स्नेह, कॉपी-पेन भेंटकर पढ़ाई के लिए किया प्रेरित*

 

 

 शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला 16 अक्टूबर 2026। अपर कलेक्टर श्री मिथलेश कुमार डोंडे ने अपने बच्चे के जन्मदिन के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला वागिनसुर में विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा करते हुए प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत न्योता भोज का आयोजन कराया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने बच्चों के साथ विशेष अवसर की खुशियां बांटी और उनके प्रति स्नेह एवं अपनत्व का भाव प्रदर्शित किया। न्योता भोज में विद्यार्थियों को खीर, पूरी, सब्जी एवं फल परोसे गए, जिसका बच्चों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। इस अवसर पर श्री डोंडे ने विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन भेंट किए तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री पुरुषोत्तम लाल साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

       उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री पोषण योजना को सामुदायिक सहयोग से अधिक प्रभावी एवं पोषणयुक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा ‘न्योता भोज’ की अभिनव पहल की गई है। इस पहल के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति अथवा सामाजिक संगठन जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसरों पर अपने नजदीकी विद्यालय, आश्रम अथवा छात्रावास में बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए न्योता भोज आयोजित कर सकता है। न्योता भोज न केवल बच्चों को अतिरिक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने का माध्यम है, बल्कि इससे समाज में सामुदायिक सहभागिता, सहयोग और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता की भावना भी मजबूत होती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *