– धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने ली समीक्षा बैठक*

   शिव शर्मा की रिपोर्ट

   शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर आज जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में धान उपार्जन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी ली।
कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए किसान पंजीयन, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था, धान खरीदी समितियों की तैयारियों सहित उपार्जन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी धान उपार्जन केंद्रों में साफ-सफाई, पेयजल, छांव, किसानों के बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने उपार्जन केंद्रों के लिए निर्धारित स्थानों एवं वहां की व्यवस्थाओं का समय रहते निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों एवं संबंधित समितियों की तैयारियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हो, यह सुनिश्चित किया जाए। किसान पंजीयन से संबंधित कार्यों को भी समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विपणन अधिकारी, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, उप पंजीयक सहकारिता, प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम एवं मंडी सचिव बांधाबाजार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*- अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश*

बैठक में जिले में अवैध धान के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगाने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा अवैध धान की आवक को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं संभावित संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।

*- धान उठाव की व्यवस्था पर भी हुई चर्चा*

धान खरीदी के बाद उपार्जन केंद्रों से धान के समय पर उठाव एवं परिवहन की व्यवस्था की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी के बाद धान का उठाव व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपार्जन केंद्रों पर अनावश्यक रूप से धान का भंडारण न हो और आगामी खरीदी कार्य प्रभावित न हो। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *