*दादा-दादियों का हाथ थाम चिड़ियाघर की सैर पर निकले बच्चे, साथ दिखी दो पीढ़ियों की मुस्कान*

 

       अभिवादन एक्सप्रेस

उरई।।किसी के लिए यह बचपन की रोमांचक सैर थी, तो किसी के लिए अपनों के साथ बिताए खुशनुमा पलों को फिर से जीने का अवसर। बच्चों की खिलखिलाहट और बुजुर्गों के चेहरों पर झलकती खुशी ने एक ऐसा आत्मीय दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने सभी का मन मोह लिया। अवसर था वृद्धाश्रम में निवासरत दादा-दादियों और बच्चों के साथ कानपुर चिड़ियाघर भ्रमण का। जब बच्चे अपने दादा-दादियों के साथ एक ही वाहन में सैर के लिए निकले, तो उनके चेहरों पर उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी। जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में आयोजित इस विशेष भ्रमण कार्यक्रम को नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन के रवाना होते ही बच्चों की उत्सुकता और बुजुर्गों की प्रसन्नता देखते ही बन रही थी। बच्चों के लिए यह चिड़ियाघर की सैर जहां मनोरंजन और रोमांच से भरपूर अनुभव बनने जा रही थी, वहीं वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के लिए बच्चों के साथ समय बिताने, उनसे बातचीत करने और उनके स्नेह के बीच कुछ यादगार पल संजोने का अवसर था। इस पहल की खूबसूरती यही है कि इसमें उम्र का फासला कहीं नजर नहीं आया, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों के बीच दादा-दादी और पोते-पोतियों जैसा अपनापन दिखाई दिया। बच्चों को बुजुर्गों का स्नेह, आशीर्वाद और जीवन के अनुभवों का साथ मिला, वहीं बुजुर्गों के जीवन में बच्चों की हंसी-खुशी ने नई उमंग भरने का काम किया। यह आयोजन मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक सरोकार और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की एक सुंदर मिसाल है। संदेश है कि बुजुर्गों को केवल देखभाल ही नहीं, बल्कि समय, सम्मान, अपनत्व और खुशियों की भी जरूरत होती है। उनके साथ बिताया गया हर खुशनुमा पल अनमोल होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *