मंदसौर विश्वविद्यालय में आयोजित ‘बी.आर. नाहटा ट्रॉफी-2026’ में देशभर के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

 

 

मंदसौर

मंदसौर/नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)–दिनांक 16 अक्टूबर। मंदसौर विश्वविद्यालय में आयोजित बी.आर. नाहटा ट्रॉफी-2026 राष्ट्रीय अंतर-विद्यालयीन वाक् प्रतियोगिता में देशभर के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता और वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन किया। हिंदी और अंग्रेजी भाषा वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 430 पंजीयन प्राप्त हुए, जबकि लगभग 260 विद्यार्थियों ने प्रथम चरण के लिए अपने वीडियो प्रस्तुत किए।
हिमाचल प्रदेश, मुंबई, हैदराबाद, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सहभागिता से प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिली।
प्रतियोगिता के अंग्रेजी वर्ग में मंदसौर के वात्सल्य पब्लिक स्कूल के सक्षम सिंह चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग में सरस्वती विद्या मंदिर सीबीएसई स्कूल, मंदसौर के मोक्ष चौहान उपविजेता रहे। हिंदी वर्ग में गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, शेरपुर की कृष्णा कुंवर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रतलाम के आगम जैन उपविजेता रहे। दोनों भाषा वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 20-20 हजार रुपये तथा उपविजेताओं को 15-15 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
विशेषज्ञों ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. वीणा सिंह, राहुल जैन, प्रो. रवींद्र कुमार सोहोनी, सुश्री नीलिमा बजाजत्या और डॉ. सुशांत मक्साने शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की विषय पर पकड़, विचारों की स्पष्टता, तार्किक प्रस्तुति और वक्तृत्व कौशल के आधार पर मूल्यांकन किया।
विश्वविद्यालय के चांसलर नरेंद्र नाहटा ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अकादमिक शिक्षा के साथ विचारों की स्पष्टता, आत्मविश्वास और प्रभावी संवाद कौशल भी आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और तर्कपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति डॉ. राजीव आर. ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आलोचनात्मक चिंतन और संचार कौशल विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का संचालन नमन राव एवं आदित्य राज ने प्रो. शानू ओरा के मार्गदर्शन में किया। आयोजन का समन्वय डॉ. मीता पारिख, डॉ. सोनाक्षी अग्रवाल एवं दयाशंकर ने कुलसचिव प्रो. आशीष पारिख के मार्गदर्शन में किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *