*योगी सरकार का भ्रष्टाचार पर महाप्रहार, बांदा को मिलेगी हाईटेक एंटीकरप्शन थाने की सौगात*

     अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

*बांदा: 14 अक्टूबर-* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बुंदेलखंड के बांदा में एक बड़ा कदम उठाया है। कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और शासकीय विभागों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बांदा में एक हाईटेक और आधुनिक एंटीकरप्शन थाने का निर्माण होने जा रहा है। योगी सरकार के इस महाप्रहार से समूचे चित्रकूटधाम मंडल में भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है।

*4 करोड़ 77 लख रुपए की कीमत से बनेगा थाना*

शासन स्तर से थाने के निर्माण के लिए 4 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि को मंजूरी दी गई है। इस बजट से बांदा में मंडलीय भ्रष्टाचार निवारण संगठन का एक अत्याधुनिक 3 मंजिला थाना तैयार किया जाएगा। जिला प्रशासन और कार्यदायी संस्था ने इस निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का खाका तैयार कर लिया है जिसके तहत 27 जून 2027 तक इस हाईटेक थाने का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न कर लिया जाएगा।

गोयरा मुगली इलाके में बनेगा एंटी करप्शन का आधुनिक थाना

बांदा की सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोयरा मुगली इलाके में इस आधुनिक थाने के निर्माण के लिए जमीन खरीद ली गई है। और यह थाना कुल 357.20 स्क्वायर मीटर में बनाया जाएगा। तीन मंजिलों वाली इस इमारत में भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों और कर्मियों के लिए आधुनिक कार्यालय, लॉकअप, मालखाना, पूछताछ कक्ष और अत्याधुनिक डिजिटल सर्विलांस रूम जैसी सुविधाएं होंगी और डिजिटल तकनीक से लैस होने के कारण भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सबूत जुटाने और करप्शन जैसे मामलों की विवेचना करने में तेजी आएगी।

*मंडल में रिश्वतखोरों पर रखी जा सकेगी सीधी नजर*

बांदा में इस मंडलीय थाने की स्थापना होने से न सिर्फ बांदा बल्कि चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा जिलों के भ्रष्ट अधिकारियों, बिचौलियों और रिश्वतखोरों पर सीधी नजर रखी जा सकेगी। आम जनता को अब भ्रष्टाचार की शिकायत करने के लिए दूर नहीं भागना पड़ेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस प्रयास से बुंदेलखंड के विकास कार्यों में पारदर्शिता आएगी और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ बिना किसी रिश्वत के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगा। ऐसा माना जा रहा है कि यह नया थाना मंडल में सुशासन की एक नई इबारत लिखेगा।

एंटी करप्शन बांदा थाने के इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि अभी हमारा महिला थाने में अस्थाई रूप से थाना है और हमें जल्द ही नया थाना मिल जाएगा। सरकार के द्वारा गोयरा मुगली इलाके में नए थाने का निर्माण करवाया जा रहा है। जहां जमीन खरीद ली गई है और आगे की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *