अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
**बांदा।** नवरात्रि महोत्सव के मद्देनजर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बांदा श्री अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक श्री पलास बंसल ने केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के पदाधिकारियों तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ विसर्जन मार्ग का पैदल स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग में आने वाली समस्याओं एवं श्रद्धालुओं को संभावित असुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु केन नदी तक जाने वाले मार्ग की सड़क व्यवस्था, जल व्यवस्था, विसर्जन मार्ग पर विद्युत व्यवस्था तथा नदी में सुरक्षा के लिए गोताखोरों, नाविकों और नावों की उपलब्धता का जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं एवं आयोजन में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि विसर्जन मार्ग का निरीक्षण कर चिह्नित की गई समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। वहीं पुलिस प्रशासन को विसर्जन के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा गया, जिससे विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र, सीओ सिटी सौरभ सिंह, ईओ नगर पालिका श्री चंद चौधरी, कोतवाली नगर प्रभारी बलराम सिंह, यातायात प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह सहित विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक श्री राज कुमार शिवहरे, संरक्षक श्री गोपाल अवस्थी एवं अध्यक्ष अमित सेठ भोलू,राकेश बाजपेई गोपाल चंद्र अवस्थी मनोज जैन ,सुनील सक्सेना, अभिषेक पांडेय ,शिवम चौरसिया,घनश्याम सिंह राजपूत बाबूजी,वृंदावन वैश्य,नईम नेताजी बाबू राम निषाद,लव सिंहा, संजय काकोनिया,सौरभ गुप्ता,दीपक अवस्थी अशोक यादव, राजकुमार गुप्ताजी राजू अविनाश निगम लाला,अर्जित अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी निरीक्षण में शामिल रहे।
प्रशासन एवं केंद्रीय दुर्गा पूजा महोत्सव समिति ने संयुक्त रूप से नवरात्रि महोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने पर जोर दिया।