सनत कुमार बुधौलिया
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों, प्रधानाचार्यों एवं सहायक केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए 12 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 29,952 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 25 अक्टूबर 30 अक्टूबर 1 नवंबर को होगी, परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। बैठक में परीक्षा की तैयारियों और केंद्रों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सुथरे शौचालय तथा अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को दूर किया जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने में सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।परीक्षा केंद्रों पर प्रतिबंधित सामग्री ले जाने को लेकर भी जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए। मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट चश्मा, ईयरफोन, कलाई घड़ी, एटीएम कार्ड तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अतिरिक्त प्रतिबंधित धातु की वस्तुओं, कान में लगाई जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीनों, कागज पर बनी सारणियों, ग्राफ शीट, मानचित्र, स्लाइड रूल एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री पर भी रोक का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाए उन्होंने परीक्षा केन्द्रों के आसपास भीड़ नियंत्रित तथा नकल विहीन वातावरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह, उप जिलाधिकारी उरई उत्तम तिवारी, उप जिलाधिकारी अतिरिक्त अनिता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित संबंधित अधिकारी व केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।