– अनिल कुमार प्रभाकर की रिपोर्ट
उरई, जालौन : तहसील जालौन में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) के अवसर पर जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से जनसुनवाई की गई। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर तत्परता दिखाते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान ही पुलिस की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण किया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
