सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट
जनपद में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के उद्देश्य से जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने आज विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार एवं यात्री/मालकर अधिकारी आनन्द राय कुरील ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालयी वाहनों, यात्री वाहनों तथा अन्य व्यावसायिक वाहनों का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान 03 विद्यालयी वाहनों में परिवहन नियमों एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई। सभी वाहनों को संबंधित थानों में निरुद्ध कराया गया।इसी अभियान के दौरान 03 स्लीपर बसें सवारियों के साथ माल ढुलाई करते हुए पकड़ी गईं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर इन बसों के विरुद्ध भी चालान एवं निरुद्ध की कार्रवाई करते हुए संबंधित थानों में खड़ा कराया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणी के अन्य नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई।परिवहन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी यात्री वाहन का उपयोग माल ढुलाई के लिए करना गंभीर नियम उल्लंघन है। भविष्य में मार्ग जांच के दौरान ऐसा पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामी एवं संचालक के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी वाहन स्वामी की होगी। साथ ही जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं वाहन संचालकों से अपील की गई है कि विद्यालयी वाहनों का संचालन सभी वैध अभिलेखों के साथ किया जाए, वाहनों में पंजीकरण प्रमाणपत्र के अनुसार निर्धारित सीट क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को न बैठाया जाए तथा प्रत्येक विद्यालयी वाहन एवं उसके चालक की फिटनेस, वैधता और सुरक्षा मानकों का नियमित रूप से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित हो सके।
