राघवेंद्र शर्मा की रिपोर्ट
उरई(जालौन)।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बुधवार को प्रातः 10 बजे से अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जनसुनवाई के दौरान एक मार्मिक दृश्य उस समय देखने को मिला जब बुजुर्ग अशोक शर्मा ने चलने में हो रही कठिनाई के संबंध में अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि बैसाखी के सहारे भी उन्हें ठीक से चलने में दिक्कत होती है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया। मौके पर ही ट्राइसाइकिल और बैशाखी उपलब्ध कराई गई। ट्राईसाईकिल पाकर बुजुर्ग अशोक शर्मा के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता सर्वोपरि रखी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के द्वार तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
