विजय द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार
सनत कुमार बुधौलिया
उरई i जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने आगामी त्यौहार महाशिवरात्रि, रमजान एवं होली को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सेन्ट्रल पीस कमेटी कर सम्बंधित अधिकरियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता और भाईचारे के प्रतीक हैं, अतः किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे आपसी संवाद बनाए रखें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे साथ ही प्रमुख मंदिरों के संस्थापक/पुजारी, विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता करते हुए अपने सुझाव रखे।
