मंदसौर/नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)– देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी स्व. श्री दिलीप कुमार पुरी गोस्वामी के कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुए असामयिक निधन से व्यथित सर्व समाज मंदसौर द्वारा बुधवार, 4 नवंबर 2026 को गांधी चौराहा, मंदसौर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम में नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने एकत्रित होकर दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए विनय दुबेला ने अपनी बात रखी तथा स्व. दिलीप कुमार पुरी गोस्वामी जी के कर्तव्य के प्रति समर्पण, निष्ठा, साहस एवं सेवाभाव को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी समाज प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर मोमबत्तियां प्रज्वलित कीं तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। सभी ने परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
इस अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी बात रखते हुए कहा कि इस गंभीर प्रकरण में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपूर्ण सच्चाई सामने आना आवश्यक है। वक्ताओं ने स्व. दिलीप कुमार पुरी गोस्वामी जी के परिवार द्वारा की जा रही सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करते हुए मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी से संपूर्ण मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग की।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि घटना के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच हो तथा जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। साथ ही शासन-प्रशासन से मांग की गई कि कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
सभा में उपस्थित समाज प्रमुखों ने एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार का विषय नहीं, बल्कि न्याय एवं निष्पक्ष जांच से जुड़ा गंभीर मामला है। सर्व समाज मंदसौर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक इस मांग के समर्थन में अपनी आवाज उठाता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुखजन: नरेंद्र सिंह चौहान, अजीजुल्ला खान, रसिक बिहारी चौहान, मुकेश चैनल, प्रकाश मारू, वर्दीचंद कुमावत, नंदलाल गुजरिया, राजेश चौहान, कनिष्क शर्मा, सुनील बंसल, बंसीलाल टाक, डॉ. रविंद्र पांडे, गोपाल शर्मा, जसपाल सिंह पवार, गोपाल माली, सुरेंद्र रामावत, रामनारायण माली, रवि सुरावत, सोमिल नाहटा, सुरेश भाटी, देवेंद्र राव, राकेश भाटी, हेमंत कुमावत, गोपाल राव एवं तनसुखलाल मेहता सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे एवं निम्न संस्थाओं के सर्व समाज मंदसौर,जिला धार्मिक उत्सव समिति, मंदसौर, दशपुर जागरूक नागरिक मंच, मंदसौर, मनन वेलफेयर सोसायटी, मंदसौर, प्रियदर्शन सामाजिक संस्था, मंदसौर पदाधिकारी कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।
सर्व समाज मंदसौर की ओर से दिवंगत अधिकारी को विनम्र श्रद्धांजलि एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग।