अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। बांदा बॉक्स क्रिकेट के प्रथम सीजन का भव्य एवं रोमांचक समापन हुआ। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सीएनसी एंटरप्राइजेज और स्वराज वॉरियर्स के बीच खेला गया, जिसमें सीएनसी एंटरप्राइजेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वराज वॉरियर्स को पराजित कर प्रथम सीजन की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नितिन सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 176 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता में धोनी ठाकुर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं नितिन सिंह ने बेस्ट बल्लेबाज का खिताब अपने नाम किया। धोनी ठाकुर ने सर्वाधिक विकेट लेकर गेंदबाजी में भी अपना दबदबा कायम रखा।
*फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दिलीप सिंह गौर (लाला भाई), मौली भारद्वाज, सुनील सक्सेना, महेश साहिल, राजेंद्र अवस्थी, विकल्प शर्मा, अबरार भाई, अजय भैया, रेहान भाई एवं कृष्णा तिवारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति का उत्साहवर्धन करते हुए इस तरह के खेल आयोजनों को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।*
टूर्नामेंट के मुख्य आयोजक भगवत प्रसाद क्रिकेट अकादमी के संस्थापक श्री अंकित कुशवाहा रहे। आयोजन को सफल बनाने में मुफीद खान, सुजाउद्दीन खान, शाहिद खान, आदित्य सिंह, शफीक खान सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टूर्नामेंट में स्कोरिंग की जिम्मेदारी शैलेंद्र ने बखूबी निभाई, जबकि कमेंट्री का दायित्व खुर्शीद उर्फ गुड्डू ने संभाला।
प्रतियोगिता में विजेता सीएनसी एंटरप्राइजेज को 60 हजार रुपये नकद एवं शानदार ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता स्वराज वॉरियर्स को 40 हजार रुपये एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। तीसरे एवं चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 15-15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अन्य खिलाड़ियों को भी आकर्षक ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में भगवत प्रसाद मेमोरियल अकादमी, हब मोबाइल बांदा, शशांक स्पोर्ट्स, जाहिद स्पोर्ट्स, अनिल स्पोर्ट्स, रावी स्पोर्ट्स अतर्रा, अन्नू भाई एवं हिम्मत सिंह का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रायोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बांदा में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं को क्रिकेट के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता की शुरुआत की गई है। पहले सीजन को मिली शानदार सफलता से आयोजन समिति उत्साहित है और भविष्य में इसे और भी भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा।