*योगी सरकार की नीतियों से बदल रहा बुंदेलखंड, बांदा की शिल्पा और अर्चना बनीं नारी शक्ति की मिसाल*

      अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

*बांदा: ।।* वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और बलिदान की साक्षी रही बुंदेलखंड की धरती पर आज की महिलाएं एक नई क्रांति लिख रही हैं। प्रदेश की योगी सरकार की महिला सशक्तिकरण नीतियों, बेहतर सुरक्षा माहौल और स्वरोजगार योजनाओं के दम पर कभी पिछड़ेपन का दंश झेलने वाला बांदा आज महिला उद्यमियों की कर्मभूमि बन रहा है। जनपद की शिल्पा कुशवाहा और अर्चना शुक्ला जैसी महिलाओं ने घर की दहलीज लांघकर न केवल खुद को आर्थिक रूप से सशक्त किया है, बल्कि दर्जनों अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए भी रोजगार के द्वार खोल दिए हैं।

*कठिया गेहूं से खड़ा किया ‘देहाती’ ब्रांड*

बांदा के ग्राम कुमहेड़ा की रहने वाली शिल्पा कुशवाहा आज ग्रामीण महिला उद्यमिता का सशक्त चेहरा बन चुकी हैं। बुंदेलखंड के पारंपरिक और जीआई टैग प्राप्त ‘कठिया गेहूं’ की विशेषताओं को पहचानते हुए शिल्पा ने इसके प्रसंस्करण का बीड़ा उठाया। सरकारी योजनाओं के प्रोत्साहन और प्रशिक्षण के माध्यम से उन्होंने कठिया गेहूं से दलिया व अन्य पौष्टिक उत्पाद तैयार कर ‘देहाती’ नाम से अपना खुद का ब्रांड स्थापित किया। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली शिल्पा आज एक सफल उद्यमी हैं और अपने गांव की कई महिलाओं को इस काम से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही हैं।

*कैंसर को मात देकर छेड़ा मिलेट्स मिशन*

इसी कड़ी में बांदा की अर्चना शुक्ला की कहानी अदम्य साहस और नेतृत्व की अनूठी मिसाल है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने और उस पर विजय पाने के बाद अर्चना ने निराशा को खुद पर हावी नहीं होने दिया। सरकार के श्रीअन्न प्रोत्साहन अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने बुंदेलखंड के पारंपरिक मोटे अनाजों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का संकल्प लिया। आज उनके इस अभियान से जुड़कर जिले की दर्जनों महिलाएं मिलेट्स के विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं और सम्मानजनक मासिक आय अर्जित कर अपने परिवार का संबल बन रही हैं।

*सरकारी नीतियों से बदली सामाजिक तस्वीर*

शिल्पा और अर्चना की यह सफलता दर्शाती है कि कैसे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मिशन शक्ति और जीआई टैग जैसे प्रयासों ने बुंदेलखंड की महिलाओं को लाभार्थी से रोजगार देने वाला बना दिया है। बांदा की ये बेटियां साबित कर रही हैं कि सही अवसर और सरकारी संबल मिले, तो बुंदेलखंड की नारी शक्ति किसी भी क्षेत्र में नेतृत्व करने में सक्षम है।♦

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *