अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*चित्रकूट,। भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में आयोजित पारंपरिक और ऐतिहासिक दीपावली मेला पूरी भव्यता, दिव्यता और शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न हो गया। पांच दिवसीय इस मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद पूरे मेला क्षेत्र में कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। स्थानीय नागरिकों, साधु-संतों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने मेले के सफल आयोजन के लिए योगी सरकार की नीतियों और जिला प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना की।
*सभी धार्मिक स्थलों पर उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम*
मेले के दौरान मंदाकिनी तट स्थित रामघाट, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ा। सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल, पीएसी, सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मियों और फ्लड पीएसी की तैनाती रही। वहीं, मंदाकिनी नदी में एसडीआरएफ के जवान भी तैनात रहे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की चौबीसों घंटे निगरानी की गई।
*2,681 श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाएं*
सुरक्षा के साथ-साथ इस बार मेले में स्वच्छता और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। नगर पालिका और सफाई कर्मियों की टीमों ने लगातार अभियान चलाकर घाटों और परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ बनाए रखा। यातायात सुगम बनाने के लिए अस्थायी पार्किंग स्थलों और रूट डायवर्जन प्लान की व्यवस्था की गई, जिससे जाम की समस्या से राहत मिली। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी रैन बसेरों और चिकित्सा शिविरों का इंतजाम किया गया। पांच दिवसीय मेले के दौरान 2,681 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। संतों और स्थानीय लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चित्रकूट के पर्यटन और धार्मिक महत्व को नई पहचान मिली है। उनका कहना था कि सरकार की सुशासन व्यवस्था और प्रशासनिक मुस्तैदी के चलते इतना बड़ा आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न होना बड़ी उपलब्धि है।