अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के राष्ट्रवादी विचारों, ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ आह्वान से प्रेरित होकर बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन (BYF) द्वारा लगातार दूसरे वर्ष दीपावली के पावन अवसर पर जनसेवा एवं सामाजिक सरोकार की पहल की गई। इसी क्रम में मराही माता मंदिर कटरा, चमरौडी एवं कैलाशपुरी क्षेत्र में बांदा वासियों के बीच दीपावली किट का वितरण कर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा की गईं।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आयोजक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि इस दीपावली अपने घरों को सजाने के लिए विदेशी उत्पादों के स्थान पर स्थानीय कुम्हारों एवं कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीपक तथा अन्य स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि जब हम अपने स्थानीय उत्पादों को अपनाएंगे और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करेंगे, तभी बुंदेलखंड सहित पूरा देश आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला लाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का भी अवसर है। बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन का उद्देश्य इसी भावना के साथ सेवा, सहयोग और स्वदेशी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बहन श्रीमती रूपा चौहान जी एवं उनकी समस्त टीम, प्रिय भाई श्री महेंद्र यादव जी, श्री संत शरण अवस्थी जी एवं उनकी समस्त टीम, श्री देवर्षि जी तथा श्री शिवम सविता जी एवं उनकी समस्त टीम का विशेष योगदान रहा। आयोजक ने सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवाभाव और सहयोग की सराहना की।
अंत में उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश बांदा विधानसभा के घर-घर तक पहुंचाया जाएगा तथा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस पुनीत अवसर पर समस्त बांदा वासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की मंगलकामना की गई।