मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पाती पाकर भावुक हुई श्रीमती रूखमणी साहू*

 

 शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की ओर से प्राप्त आत्मीय पत्र ने श्रीमती रूखमणी साहू के जीवन में खुशी, सम्मान और नई ऊर्जा का संचार किया है। मुख्यमंत्री की पाती पाकर राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुकुलदैहान की लखपति दीदी श्रीमती रूखमणी साहू भावुक हो उठीं। उनके लिए यह केवल एक पत्र नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, परिश्रम, परिवार के योगदान और आगे बढऩे के संकल्प को मिला एक आत्मीय सम्मान है। मुख्यमंत्री के स्नेहपूर्ण शब्दों ने उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती दी है और जीवन में निरंतर आगे बढऩे का हौसला बढ़ाया है। श्रीमती रूखमणी साहू ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आज उन्हें अपने भैया मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पाती प्राप्त हुई है, जिसे पाकर वे अत्यंत आनंदित और उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस आत्मीय पत्र ने उन्हें आगे बढऩे के लिए नया साहस, संबल और प्रेरणा प्रदान की है। यह उनके लिए गर्व और भावनात्मक अनुभूति का क्षण है। शासन की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनके प्रयासों को सम्मान और प्रोत्साहन मिलना अत्यंत सुखद है।
श्रीमती रूखमणी साहू ने विशेष रूप से अपने पति के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पति एक भूतपूर्व सैनिक हैं, जिन्होंने देश की सेवा करने के पश्चात अपनी कर्मभूमि से जन्मभूमि लौटकर परिवार की जिम्मेदारियों के साथ उनके कार्यों में भी सहयोग प्रदान किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा उनके पति की देशसेवा और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करना उनके पूरे परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उनकी दोनों बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करना और माता-पिता के प्रति सम्मान व्यक्त करना उनके हृदय को छू गया। यह आत्मीयता उनके परिवार के लिए अविस्मरणीय है। श्रीमती रूखमणी साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आगे बढऩे के नए अवसर मिल रहे हैं। बिहान परियोजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समाज में नई पहचान स्थापित करने की प्रेरणा दे रही है। उन्होंने कहा कि शासन के प्रयासों से उनके जैसी अनेक महिलाएं अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं।
श्रीमती साहू ने भावुक होकर कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उन्हें और उनके परिवार को जो स्नेह, सम्मान और प्रोत्साहन दिया है, वह उनके लिए अनमोल है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा बिहान परियोजना के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पाती उन्हें जीवन में सदैव आगे बढऩे और समाज के लिए कुछ बेहतर करने की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *