अभिवादन एक्सप्रेस
जालौन। ग्राम खनुवाँ में शंकर जी मंदिर परिसर में मां रतनगढ़ देवी के विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। भंडारे में पूरे गांव के लोगों के लिए नगर भोज की व्यवस्था की गई। वहीं रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को भी रोककर प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया गया।
बताते चलें कि गांव में पिछले करीब 7-8 वर्षों से दीपावली के बाद गोधन के दिन श्रद्धालु मां रतनगढ़ देवी के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए पैदल यात्रा की परंपरा निभाते आ रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालु माता की बारी एवं घट को सिर पर धारण कर पैदल यात्रा करते हैं। इसके बाद दूज के दिन मां रतनगढ़ देवी मंदिर में घट का विसर्जन किया जाता है। मंदिर से वापस लौटने के बाद ग्रामीणों द्वारा प्रतिवर्ष विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है।
इस बार आयोजित भंडारे में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में एक नन्हा-मुन्ना बालक अपनी आकर्षक प्रस्तुति के चलते लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रदीप बुधौलिया के नाती ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और मां रतनगढ़ देवी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।