सोमनी-मुढ़ीपार सड़क मार्ग पर ठेकेदार की मनमानी नाली निर्माण अधूरा छोड़ने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Blog

 

शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव।
जिले के सोमनी से मुढ़ीपार मार्ग का नवनिर्माण कार्य हाल ही में पूरा किया गया, लेकिन सड़क निर्माण के साथ किए जा रहे नाली निर्माण कार्य को ठेकेदार द्वारा अधूरा छोड़ दिया गया है। अधूरे कार्य के कारण ग्रामवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि अधूरी नाली के कारण बरसात के दौरान पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही है और गलियों में गंदगी फैल रही है।
ग्रामवासी भोलाराम साहू ने कहा कि “काम शुरू तो किया गया, पर नाली अधूरी छोड़ दी गई। अब घरों के सामने गंदा पानी भरने से दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बढ़ गई है।”
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया है और बिना कार्य पूर्ण किए ही स्थल छोड़ दिया। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि मामले की सूचना लोक निर्माण विभाग (PWD) को दी गई है और जांच की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्य पूरा नहीं किया गया, तो ग्रामीण प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और अधूरा नाली निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *