दो मासूमों की मौत से नंदवारा में मातम पीएम रिपोर्ट के बाद नौ लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा, गांव में पुलिस तैनात

     सोनू करबारिया की रिपोर्ट

नरैनी। कोतवाली नरैनी क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद घटना की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। बच्चों के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ साजिश के तहत अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
नंदवारा निवासी भइया राम राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह गांव स्थित देवी जी के स्थान पर स्नान और पूजा-अर्चना करने गए थे। उनकी पत्नी घर पर काम कर रही थीं। उस समय उनके दोनों बच्चे मनोज कुमार (6 वर्ष) और युवराज (4 वर्ष) घर के सामने खेल रहे थे।
उन्होंने बताया कि करीब दो बजे जब वह वापस घर पहुंचे तो दोनों बच्चे वहां नहीं मिले। पत्नी से जानकारी लेने के बाद उन्होंने ग्रामीणों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद करीब चार बजे डायल-112 को सूचना दी गई।
पुलिस के पहुंचने पर तलाश के दौरान पड़ोस में राधेश्याम की दुकान के पीछे स्थित गड्ढे में दोनों बच्चे खून से लथपथ अवस्था में मिले। सूचना मिलने के बाद शाम करीब सात बजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।
पुरानी रंजिश का लगाया आरोप
मृत बच्चों के पिता ने तहरीर में गांव के ही राजू उर्फ महेंद्र वर्मा और शेरा उर्फ ओंकार समेत अन्य लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते साजिश रचने का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि प्रधानी को लेकर पूर्व से विवाद चला आ रहा था। आरोप है कि पूर्व में भी शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी पर लाठी तथा कुल्हाड़ी से हमला कराया गया था और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसी रंजिश के चलते दोनों मासूम बच्चों का साजिश के तहत अपहरण कर हत्या की गई।
एक ही गड्ढे में दफन हुए दोनों मासूम
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार दोपहर बाद दोनों बच्चों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल के बीच दोनों मासूम भाइयों को एक ही गड्ढे में दफनाया गया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट,है फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपों को और स्पष्ट रूप से आरोप बताएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *