ब्रेकिंग न्यूज: बीजापुर में सर्राफा व्यापारी से करीब 2 करोड़ रुपये के जेवरात की लूट, चाकू की नोक पर वारदात*

 

 शिव शर्मा की रिपोर्ट

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सर्राफा व्यापारी से करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेलसनार थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-63 पर पांडे मुर्गा गांव के समीप तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू की नोक पर व्यापारी को निशाना बनाते हुए करीब 2 करोड़ रुपये के जेवरात लूट लिए।

 

*पॉइंट टू पॉइंट पूरी घटना*

 

1. सोमवार शाम हुई वारदात

घटना सोमवार शाम करीब 6:15 बजे की बताई जा रही है। भैरमगढ़ स्थित ज्वेलरी दुकान से व्यापारी स्वरूप सोनी रोजाना की तरह तूफान वाहन से गीदम जा रहे थे।

 

2. मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन बदमाश

पांडे मुर्गा गांव के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने व्यापारी के वाहन को रोका।

 

3. चाकू की नोक पर लूट

बदमाशों ने चाकू दिखाकर व्यापारी से आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और जंगल की ओर फरार हो गए।

 

4. बैग में थे करोड़ों के जेवरात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैग में लगभग 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

 

5. चांदी के आभूषण भी ले गए

सोने के अलावा बैग में 15 किलो से अधिक चांदी के आभूषण थे। इनकी अनुमानित कीमत 25 से 28 लाख रुपये बताई गई है।

 

6. मोबाइल फोन भी फेंककर भागे बदमाश

वारदात के बाद बदमाश व्यापारी और वाहन चालक के मोबाइल फोन कुछ दूरी पर फेंककर फरार हो गए।

 

7. पुलिस कर रही जांच

व्यापारी किसी तरह नेलसनार थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।

 

*हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल*

 

नेलसनार और भैरमगढ़ के बीच नेशनल हाईवे-63 पर हुई इस बड़ी लूट ने इलाके में दहशत पैदा कर दी है। लगातार आवाजाही वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह की वारदात से व्यापारियों और आम राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

*जगदलपुर की सर्राफा दुकान में भी हुई थी करोड़ों की चोरी*

 

गौरतलब है कि धनतेरस की रात जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सर्राफा दुकान में भी बड़ी चोरी हुई थी। ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं और बच्चों ने कथित तौर पर करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए थे। चोरी गए आभूषणों की कीमत लगभग 1 करोड़ 74 लाख रुपये बताई गई थी।

 

अब बीजापुर में हुई इस बड़ी लूट के बाद बस्तर संभाग में सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर लूnटे गए आभूषण बरामद करने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *