शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। पत्रकार दिन-रात मेहनत करके शासन की योजनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों और आम जनता की समस्याओं को समाचारों के माध्यम से सामने लाते हैं। लेकिन जब जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा पत्रकारों को ही नजरअंदाज किया जाता है, तो यह चिंता का विषय बन जाता है।
पत्रकारों की शिकायत है कि जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से दीपावली और होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर भी बधाई एवं शुभकामना संदेश तक नहीं भेजे जाते। सवाल यह है कि क्या पत्रकार केवल सरकारी कार्यक्रमों की खबरें प्रकाशित करने तक ही सीमित हैं? क्या उनके सम्मान और आपसी संवाद की कोई अहमियत नहीं है?
त्योहार केवल बधाई देने का अवसर नहीं होते, बल्कि आपसी सम्मान, सौहार्द और संबंधों को मजबूत करने का माध्यम भी होते हैं। ऐसे अवसरों पर पत्रकारों को याद करना और उनसे संवाद बनाए रखना विभाग की सकारात्मक कार्यशैली का हिस्सा होना चाहिए।
रियाजुद्दीन (राजू) कुरैशी ने कहा कि पत्रकार किसी व्यक्तिगत सम्मान के लिए नहीं, बल्कि अपने पेशे और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के लिए काम करते हैं। जनसंपर्क विभाग को सभी पत्रकारों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। किसी को भी छोटा-बड़ा समझकर उपेक्षित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने जिला प्रशासन और जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से आग्रह किया कि पत्रकारों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और सभी पत्रकारों को समान सम्मान एवं महत्व दिया जाए।