अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*बांदा:* सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण अंचलों की सूरत तेजी से बदल रही है। इस बदलाव की सबसे बड़ी गवाह बन रही है ‘जल जीवन मिशन’ योजना, जो बुंदेलखंड के बांदा जनपद में एक नया इतिहास रच रही है। वर्षों से पानी की बूंद-बूंद को तरसने वाले बांदा के ग्रामीण इलाकों में अब ‘हर घर जल’ का संकल्प हकीकत बन चुका है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बांदा जिले के 544 गांव में जल जीवन मिशन के तहत तेजी से काम पूरा किया जा रहा है।
*रिकॉर्ड 2.64 लाख से अधिक घरों को मिला जल कनेक्शन*
योगी सरकार की मुस्तैदी का नतीजा है कि जनपद में बुनियादी ढांचे का काम युद्धस्तर पर पूरा किया जा चुका है। स्वीकृत योजनाओं के सापेक्ष कुल 31 नलकूप, 54 पम्प हाउस, 6123 किलोमीटर वितरण प्रणाली, और 196 पानी की टंकियों का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जा चुका है। इसके साथ ही जिले में अब तक रिकॉर्ड 2,64,880 ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वहीं सड़कों की मरम्मत का काम भी अंतिम दौर में है जिसमें 1271 किमी के सापेक्ष 1268 किमी रोड ट्रेंच की मरम्मत पूरी हो चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक शेष बचे मामूली कार्यों को मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
*हैंडपम्प से भी उत्तम और क्लोरीनयुक्त मिल रहा शुद्ध पेयजल*
योगी सरकार न केवल पानी पहुंचा रही है बल्कि ग्रामीणों की सेहत को ध्यान में रखते हुए पानी की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दे रही है। बांदा के गांवों में अब सुबह-शाम 2-2 घण्टे क्लोरीनयुक्त शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। पानी की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए हर महीने जल सैम्पलों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि पाइपलाइन से मिल रहा यह पानी पारंपरिक हैंडपम्पों और अन्य स्रोतों की तुलना में गुणवत्ता में कहीं अधिक उत्तम और सुरक्षित है।