खेल मैदान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 

 सोनू करबारिया की रिपोर्ट

नरैनी। नगर में खेल मैदान की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर टीम गुल्लक अभियान खेल मैदान नरैनी के नेतृत्व में टीम के सदस्यों एवं नगरवासियों ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी महोदया नरैनी को सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से नगर एवं क्षेत्र में एक व्यवस्थित खेल मैदान/स्टेडियम की आवश्यकता की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। अभियान से जुड़े युवाओं का कहना है कि खेल मैदान केवल खिलाड़ियों की आवश्यकता नहीं, बल्कि नगर के बच्चों, युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ एवं सकारात्मक भविष्य से जुड़ा विषय है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान टीम की ओर से अधिवक्ता रामेश्वर यादव, आनन्द अग्रहरि, सत्यम द्विवेदी, अजय विश्वकर्मा, विकास सोनी, अभय श्रीवास्तव, मनधीर सिंह चौहान, निर्मल प्रकाश, आदित्य प्रकाश, सौरभ गुप्ता, रविराज कुशवाहा, डॉ. अभिषेक, वसीम मार्क, रोहित यादव, शेखू सोनी , अंकित पांडेय, अमर त्रिपाठी सहित लगभग आधा सैकड़ा नगरवासी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि नरैनी में खेल मैदान की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों के बीच उठती रही है। इसी मांग को आगे बढ़ाने के लिए नगर के कुछ युवाओं ने ‘गुल्लक अभियान’ के माध्यम से जनभागीदारी का प्रयास शुरू किया है। अभियान के माध्यम से खेल मैदान को लेकर नगरवासियों को जोड़ने और अपनी मांग को प्रशासन तक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

टीम गुल्लक अभियान के सदस्यों ने कहा कि यह अभियान किसी एक व्यक्ति या संस्था की मांग नहीं, बल्कि नगर के बच्चों और युवाओं के बेहतर भविष्य से जुड़ी सामूहिक अपेक्षा है। टीम ने उम्मीद जताई कि प्रशासन एवं शासन स्तर पर इस मांग पर सकारात्मक पहल की जाएगी।

“जो खेलेगा, वह खिलेगा — नरैनी का अपना खेल मैदान, जन-जन का संकल्प।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *