ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खोले गए आयुष्मान मंदिरों की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। नगर के मोहल्ला पहलवान बाड़ा स्थित आयुष्मान मंदिर में चिकित्सक की तैनाती न होने से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार की ओर से इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। लेकिन पहलवान बाड़ा स्थित आयुष्मान मंदिर में चिकित्सक के न होने से मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब केंद्र पर चिकित्सक ही उपलब्ध नहीं है तो स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ कैसे मिलेगा।
मामले को लेकर जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि आयुष्मान मंदिर में संविदा चिकित्सक की तैनाती की गई थी, लेकिन चिकित्सक द्वारा इस्तीफा देने के बाद पद रिक्त हो गया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में कोई संविदा चिकित्सक उपलब्ध होता है तो उसकी तैनाती आयुष्मान मंदिर में कराई जाएगी।
अब स्थानीय लोगों को केंद्र पर चिकित्सक की तैनाती का इंतजार है। देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग कब तक चिकित्सक की तैनाती कर लोगों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा पाता है।