आचार संहिता प्रभावी, डीएम ने राजनीतिक दलों को पढ़ाया नियमों का पाठ मतदाताओं को प्रलोभन, भय अथवा अनुचित प्रभाव से दूर रखने पर जोर*

  सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

उरई।    इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद में 22 सितंबर से आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का विस्तृत पाठ पढ़ाया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी राजनीतिक दल एवं अभ्यर्थी निर्धारित आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी मतदाता को प्रलोभन देना, भय या दबाव में प्रभावित करना अथवा निर्वाचन की निष्पक्षता को प्रभावित करने वाला कोई कार्य स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे निर्वाचन की गरिमा बनाए रखते हुए आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही प्रचार-प्रसार एवं अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियां संचालित करें। सभी प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के अनुपालन संबंधी निर्देशों की प्रति भी उपलब्ध कराई गई। बैठक में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए प्रस्तावित 33 मतदेय स्थलों की सूची पर भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि सभी प्रस्तावित मतदेय स्थल शासकीय भवनों में हैं और वहां आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। किसी भी राजनीतिक दल की ओर से कोई आपत्ति अथवा सुझाव प्राप्त नहीं हुआ तथा सभी ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सहमति व्यक्त की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी और राजनीतिक दल निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी(वि0 एवं रा0) राजीव राज, अपर जिलाधिकारी(न्यायिक) शत्रुहन पाठक, शान्ति स्वरूप महेश्वरी, निर्वाचन प्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी, भगवती शरण पांचाल, जिला सचिव, बहुजन समाज पार्टी, विनोद कुमार नगरिया, जिला सचिव, सी0पी0आई0एम0, ज्योति त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष, कांग्रेस, जमालुद्दीन, जिला महासचिव, सपा, शुकन्तला तिवारी, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस, अनिल कुदारी, जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *