*सामूहिक विवाह समारोह में 714 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद*

सनत कुमार बुधौलिया

उरई।     नवीन गल्ला मंडी, कालपी रोड उरई में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य समारोह में 714 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। विवाह समारोह में विभिन्न धर्मों एवं समुदायों की परंपराओं के अनुरूप वैवाहिक रस्में संपन्न हुईं। उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समानता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने का अवसर प्रदान करते हैं।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बेटियों का विवाह कई बार आर्थिक चुनौती बन जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने इस चिंता को काफी हद तक कम किया है। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न समुदायों के जोड़ों का अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न होना सामाजिक एकता और भाईचारे की सुंदर मिसाल है।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाली पहल है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मान के साथ अपनी बेटियों का विवाह संपन्न कराने का अवसर मिल रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक सद्भाव, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं।
जिलाधिकारी समीर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्र कन्या के खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से, 21 हजार रुपये विवाह सामग्री तथा 15 हजार रुपये विवाह आयोजन की व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग देने के साथ उन्हें सम्मानजनक वैवाहिक जीवन की शुरुआत का अवसर उपलब्ध कराना है।
समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किए और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *