अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए जिला अधिवक्ता संघ बांदा ने रोडवेज बस स्टैंड को शहर के बाहर स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी बांदा को ज्ञापन सौंपकर बस स्टैंड को यथाशीघ्र शहर के बाहर शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने बताया कि कचहरी और कलेक्ट्रेट के नजदीक स्थित रोडवेज बस स्टैंड शहर के प्रमुख मार्ग पर है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों रोडवेज बसों का आवागमन होता है, जिसके कारण मार्ग पर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनी रहती है। विशेष रूप से सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है।
अधिवक्ता संघ ने कहा कि जाम के कारण बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं एवं शहरवासियों को न्यायालय और सरकारी कार्यालयों तक समय से पहुंचने में परेशानी होती है। इससे उन्हें अपने जरूरी कार्यों में नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं, स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाली बसें और एम्बुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर परिस्थितियों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अतिक्रमण से बढ़ रही समस्या
ज्ञापन में रोडवेज बस स्टैंड के आसपास व्याप्त अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि आसपास के दुकानदारों और ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए जाने वाले अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था और अधिक बिगड़ जाती है। बसों की आवाजाही और अतिक्रमण के चलते कई बार जाम की स्थिति भयावह हो जाती है।
जिला अधिवक्ता संघ ने जिलाधिकारी से मांग की कि शहरवासियों के हित एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रोडवेज बस स्टैंड को शहर के बाहर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाए। साथ ही बस स्टैंड के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
अधिवक्ता संघ ने कहा कि बस स्टैंड को शहर के बाहर स्थानांतरित किए जाने से न केवल कचहरी और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, बल्कि स्कूली बच्चों, मरीजों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।