राघवेन्द्र शर्मा अभिवादन एक्सप्रेस उरई (जालौन)। आम नागरिकों को न्यायिक सहायता के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 22 फरवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर की तैयारियों एवं उद्देश्यों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में अपर जिला जज प्रथम एवं नोडल अधिकारी सतीश चन्द्र द्विवेदी ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से गरीब, वंचित, महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क विधिक परामर्श, विवाद समाधान,लोक अदालत से संबंधित जानकारी केसाथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।इसके लिए जनपद के सभी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाएगा। नोडल अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपनी योजनाओं की अद्यतन सूची समयबद्ध रूप से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं, ताकि शिविर को व्यवस्थित, सुचारु एवं अधिक जनोपयोगी बनाया जा सके। वार्ता में सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी प्रथम, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
