सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनपद में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए 24 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 33 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 470 पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को जिला निर्वाचन कार्यालय से रवाना होंगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। मतदान स्थल पर पहुंचने के बाद पोलिंग पार्टियां किसी भी राजनीतिक दल या उसके प्रतिनिधि का आतिथ्य स्वीकार न करें। उन्होंने कहा कि बैलेट बॉक्स की सुरक्षा, पोलिंग पार्टियों की सुरक्षित आवाजाही और मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार के प्रयोग से वंचित न किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट उपलब्ध कराए गए हैं और सभी मतदान केंद्रों पर बॉडी-वॉर्न कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। आवागमन के मार्ग चिह्नित कर लिए गए हैं तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर निरीक्षक स्तर के अधिकारी प्रभारी बनाए गए हैं।
डीएम व एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और शिष्ट व्यवहार के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि आपसी समन्वय से मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी आदि मौजूद रहे।