अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बाँदा।स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत स्वराज कॉलोनी में महिलाओं के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका परिषद की ओर से एस.डी.सेवा संस्थान के सहयोग से किया गया।कार्यक्रम में महिलाओं को घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कूड़े को अलग अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया।उन्हें बताया गया कि कूड़े का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण करने से उसके निस्तारण की प्रक्रिया आसान होती है और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलती है।महिलाओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा कपड़े और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने,कूड़ेदान का प्रयोग करने और अपने घर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ रखने पर जोर दिया गया।महिलाओं से अपील की गई कि वे स्वयं स्वच्छता के नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम में स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने पर जोर दिया गया।बताया गया कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर शहर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।इस दौरान महिलाओं ने अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा कूड़े का उचित निस्तारण करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ बाँदा-सुंदर बाँदा अभियान में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना रहा।