अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा का बारहवां दीक्षांत समारोह दिनांक 12 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह समारोह उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में संपन्न होगा। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कृषि प्रसार वैज्ञानिक एवं पूर्व सदस्य योजना आयोग डॉ.वी.वी. सदामते उपस्थित रहेंगे। डॉ. सदामते ने संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन में प्रधान सलाहकार एवं विश्व बैंक द्वारा पोषित जलागम परियोजना में कृषि विशेषज्ञ के रूप में भी अपनी सेवायें प्रदान की हैं।
इस दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के कुल 250 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। इसमें कृषि, उद्यान, वानिकी तथा सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालयों के कुल 187 स्नातक विद्यार्थियों को उपाधियाँ दी जाएंगी। इसके अतिरिक्त 37 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों तथा 26 पीएच.डी. शोधार्थियों को भी उपाधियाँ प्रदान की जायेंगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो0 एस0के0 सिंह ने जानकारी दी कि इस वर्ष विभिन्न पाठ्यक्रमों में मैरिट में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले स्नातकों को 06 स्वर्ण, 06 रजत तथा 06 कांस्य पदक प्रदान किये जायेगें। साथ ही विश्वविद्यालय के एक स्नातक को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कुलाधिपति पदक भी प्रदान किया जायेगा।
माननीय कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू के मार्गदर्शन में इस वर्ष सभी विद्यार्थियों को उपाधियाँ मुख्य अतिथि द्वारा दीक्षांत मंच से ही प्रदान की जाएंगी।
बारहवें दीक्षान्त समारोह में सभी छात्र-छात्राऐं व शिक्षकगण पारम्परिक भारतीय परिधान में उपाधि प्राप्त करेंगें। छात्रों के लिए कुर्ता व पगड़ी जबकि छात्राओं के लिए साड़ी व पगड़ी निर्धारित की गई है।
दीक्षांत समारोह को गरिमामय बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में साफ-सफाई व सजावट के कार्य तेजी से चल रहे हैं। संपूर्ण आयोजन विश्वविद्यालय परिवार के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी अवसर बनने जा रहा है।