*बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एंड नर्सिंग स्कूल का द्वितीय दीक्षांत समारोह भव्यता के साथ संपन्न*

   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा। बांदा पैरामेडिकल कॉलेज एंड नर्सिंग स्कूल में द्वितीय दीक्षांत समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन कॉलेज ऑडिटोरियम में किया गया। समारोह में बीएससी नर्सिंग के सफल छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। उपाधि प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों ने नर्सिंग शपथ लेकर मानवता एवं समाज की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बांदा की अध्यक्ष श्रीमती मालती बासु तथा विधायक सदर बांदा के प्रतिनिधि श्री रजत सेठ उपस्थित रहे। इनके अलावा भाजपा नेता हाजी आरिफ खान, संतराम राजपूत प्रधान तिंदवारा, विजयाशांति एम., प्राचार्य रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा, अर्चना बेले उप प्राचार्य, हाजी एफ.यू. खान, डॉ. साबिहा रहमानी, राबिया खातून, डॉ. टी.आर. सरसैया, डॉ. मोहित सिंह, वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी चौकी प्रभारी मेडिकल कॉलेज, समाजसेवी सुनील सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विधायक का संदेश पढ़कर सुनाया

विधायक सदर श्री प्रकाश द्विवेदी का संदेश विधायक प्रतिनिधि श्री रजत सेठ ने पढ़कर सुनाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नर्सिंग का पेशा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज के हित में करें और जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

मालती बासु ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं

गेस्ट ऑफ ऑनर श्रीमती मालती बासु ने सभी उपाधि प्राप्त छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित नर्सिंग प्रोफेशनल्स स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मरीजों की देखभाल में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ करना चाहिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

दीक्षांत समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मनमोहक नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभागार में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा देखकर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार देना संस्थान का उद्देश्य

कॉलेज के चेयरमैन श्री मकबूल अली खां एवं निदेशक डॉ. ज़रीना खातून ने संस्थान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा-भाव से भी परिपूर्ण करना है।

कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा नेता हाजी आरिफ खान (मुख्य हज ट्रेनर) ने समारोह की सफलता के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित द्वितीय दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *