*पूर्व एसडीएम के तबादले के बाद फिर सक्रिय हुए खनन माफिया! आखिर किसके संरक्षण में दौड़ रहे मिट्टी से लदे ट्रैक्टर?

Blog

 

ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। नगर के औरैया रोड पर कथित अवैध मिट्टी खनन और मिट्टी के परिवहन को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुबह होते ही मिट्टी से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगातार मार्ग पर दौड़ती नजर आती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि पूर्व एसडीएम के स्थानांतरण के बाद कथित खनन माफिया फिर से सक्रिय हो गए हैं और बेखौफ होकर अपना कारोबार चला रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई दिनों से सुबह-सुबह मिट्टी से भरे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में औरैया रोड से गुजर रहे हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि खनन और मिट्टी का परिवहन पूरी तरह वैध है तो इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए, और यदि नियमों के विपरीत कार्य हो रहा है तो आखिर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कथित अवैध खनन की शिकायतें लगातार उठती रही हैं, लेकिन खनन विभाग, प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर किसके संरक्षण में यह कथित खेल चल रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है?
लोगों का यह भी कहना है कि सुबह के समय तेज रफ्तार से दौड़ते ओवरलोड ट्रैक्टर किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर होगी।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अवैध खनन स्थलों की जांच करने और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन, खनन विभाग और परिवहन विभाग इस कथित अवैध मिट्टी खनन के मामले का संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करेंगे, या फिर खनन माफियाओं का यह बेखौफ खेल यूं ही चलता रहेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *