शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला, । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्देशित किया कि आवेदनों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल का नियमित अवलोकन करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बस्तर मुन्ने सर्वेक्षण एवं डेटा एंट्री कार्य प्रगति की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने किसान सम्मान निधि के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली तथा शेष पात्र किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वर्तमान कृषि कार्यों को देखते हुए उन्होंने जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से खाद भंडारण की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए उनके निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं जनसामान्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसलिए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने तथा हितग्राही-आधारित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्कूलों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आगामी शिक्षण सत्र में बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना बनाकर प्रभावी ढंग से कार्य करें। इस दौरान नवोदय विद्यालय के संचालन से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वनाधिकार पत्रों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ से स्वीकृत कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। मौके पर उन्होंने भू-अर्जन प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनकी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
