अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*चित्रकूट:-* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने धर्मनगरी चित्रकूट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण विभाग की मरम्मत योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के 36 प्रमुख मार्गों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत के लिए लगभग 26.83 करोड़ रुपये की धनराशि को स्वीकृति प्रदान की गई है। योगी सरकार के इस फैसले से जिले भर में कुल 56.810 किलोमीटर लंबी सड़कों का कायाकल्प होगा। जिससे स्थानीय नागरिकों को गड्ढामुक्त और सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।
*दोनों विधानसभाओं में सड़को की होंगी मरम्मत*
अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग ने इस स्वीकृति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिले की दोनों विधानसभाओं में सड़कों का जाल मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत चित्रकूट विधानसभा में प्रांतीय खंड, कर्वी के माध्यम से 14 मार्गों की कुल 24.050 किलोमीटर लंबाई के निर्माण व मरम्मत के लिए 979.68 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है वहीं मानिकपुर विधानसभा में 22 मार्गों की कुल 32.760 किलोमीटर लंबाई के सुधार कार्यों के लिए 1704.28 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है।
*अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों का होगा स्थायी समाधान*
अधिकारियों के अनुसार पिछले दिनों हुई अतिवृष्टि और भारी यातायात के दबाव के कारण जो मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे उन्हें अब सुदृढ़ किया जाएगा। स्वीकृत परियोजनाओं के तहत क्षतिग्रस्त हिस्सों में सीसी और पीसी मार्गों की मरम्मत के साथ-साथ जल निकासी के लिए आरसीसी बॉक्स कलवर्ट का निर्माण भी कराया जाएगा।
*जनता को मिलेगा वर्षभर सुगम और सुरक्षित सफर*
योगी सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति को धरातल पर उतारते हुए इन कार्यों के पूर्ण होने से जनपद के सुदूर ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक आवागमन बेहद आसान हो जाएगा। बॉक्स कलवर्ट और मजबूत सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों, किसानों, छात्रों और तीर्थयात्रियों को साल भर सुरक्षित और निर्बाध यातायात की सुविधा प्राप्त होगी।