*गुरु वचन पर अडिग विश्वास और एक बार ‘हरि बोल’ से मिल जाते हैं नारायण : इंद्रेश जी महाराज*

 

  अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा, ।
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान, बांदा के तत्वावधान में पं.जे.एन. कॉलेज मैदान में चल रही पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को पूरा पंडाल हरिनाम संकीर्तन और भक्तिरस में डूबा रहा। व्यास पीठ से पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने मार्गशीर्ष मास के इस पावन अवसर पर गुरु वचन के प्रति अडिग विश्वास, भगवद नाम की अपार महिमा और चित्रकूट धाम के आध्यात्मिक गौरव का सजीव वर्णन किया। इस अवसर पर मंच पर कुरसेजा पीठाधीश्वर 1008 श्री परमेश्वर दास जी महाराज का पावन सानिध्य भी प्राप्त हुआ। कथा श्रवण के लिए जिले के तमाम गणमान्य नागरिकों और भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें महिला श्रद्धालुओं की संख्या विशेष रूप से अधिक रही।

दूसरे दिन की कथा को आगे बढ़ाते हुए महाराज जी ने बताया कि माता शबरी को न तो अपनी भक्ति का अभिमान था और न ही अपनी सेवा पर कोई अहंकार, उन्हें केवल अपने गुरु के वचन पर अटूट विश्वास था कि प्रभु श्रीराम अवश्य आएंगे। इसी अडिग विश्वास का परिणाम था कि सब कुछ जानने वाले प्रभु श्रीराम भी पथिकों और आश्रम के ऋषियों से प्रेमपूर्वक पूछते-पूछते माता शबरी की कुटिया की ओर बढ़े, “पथिकन ते पूछत सप्रेम प्रभु पेखि-पेखि, सबरी हमारी प्यारी बसे कहिं ठौर है।”

महाराज जी ने आधुनिक दौर में भक्ति के बदलते स्वरूप पर मीठा कटाक्ष भी किया। उन्होंने कहा कि आजकल सोशल मीडिया के युग में आध्यात्मिक या भक्त बनना बहुत आसान हो गया है; दो-चार लाइक बढ़ाने के लिए लोग तिलक लगाकर वीडियो बना लेते हैं और घर बैठे दर्शन कराने लगते हैं। लेकिन सच्ची कठिनता प्रभु और अपने गुरु के प्रति वैसा निश्छल भरोसा जगाने में है, जैसा माता शबरी, सूरदास जी और मीरा बाई के भीतर था। कथा के दौरान उन्होंने श्री नित्यानंद महाप्रभु द्वारा घर-घर जाकर नाम की भिक्षा मांगने, एक बार ‘हरि बोल’ कहने के अद्भुत फल, नेत्रहीन संत सूरदास जी की दिव्य दृष्टि और भक्त सेन नाई के लिए स्वयं भगवान द्वारा राजा की सेवा करने की रोचक कथाएं सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथा के दौरान कुरसेजाधाम के महंत परमेश्वरदास जी महाराज, काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो.रामनारायण द्विवेदी, भारतीय संत समिति के महामंत्री जितेंद्रानंद सरस्वती जी महाराज, काशी के संत तपोमूर्ति लखन स्वरूप ब्रह्मचारी, मनीपुर के संत रामशरण दास जी महाराज विराजमान रहे। वहीं यजमान के रूप में सदर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी एवं उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता द्विवेदी के साथ विधायक के पुत्र देवांश द्विवेदी अपनी पत्नी जिज्ञासा तिवारी संग मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त विधायक के भतीजे अनंत द्विवेदी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती जी महाराज महामंत्री भारतीय संत समिति, तपोमूर्ति लखन स्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज काशी, प्रो राम नारायण द्विवेदी राष्ट्रीय महामंत्री काशी विद्वत् परिषद, राम शरण दास जी महाराज मनीपुर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह चौहान, रजोल मिश्रा, मदन तिवारी, बड़ोखर ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह ‘सोनू’, राजभवन उपाध्याय, अमित सेठ ‘भोलू’, मनोज जैन, राजकुमार राज सहित भाजपा के तमाम पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

चित्रकूट की महिमा : ‘विकास की दौड़ में न खोए पुरातन स्वरूप, तीर्थों की स्वच्छता स्वयं संभालें’
प्रथम दिवस की कथा के उपरांत रात्रि में चित्रकूट धाम की यात्रा का अनुभव साझा करते हुए पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने इस पावन भूमि के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जहां भी जाएं, वहां के स्थानीय देवताओं और संतों को प्रणाम करना नियम होना चाहिए। चित्रकूट में वे तुलसी पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के आश्रम पहुंचे, जहां उनके सात माह के नाम-जप अनुष्ठान में लीन होने के कारण दर्शन नहीं हो सके, किंतु उनके उत्तराधिकारी श्री रामचंद्र दास जी महाराज के साथ आत्मीय सत्संग का आनंद मिला।

महाराज जी ने गोस्वामी तुलसीदास जी के वर्णन का उल्लेख करते हुए बताया कि मंदाकिनी तट पर चित्रकूट में छह-सात माह निवास कर कंद-मूल-फल का प्रसाद ग्रहण करते हुए केवल राम नाम जपने से श्री राघव जी के प्रत्यक्ष दर्शन होते हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कई बार अत्यधिक विकास से तीर्थों का पुरातन और ऐतिहासिक स्वरूप नष्ट हो जाता है। आवश्यक विकास जरूर होना चाहिए, लेकिन यह सुखद है कि चित्रकूट में कामतानाथ जी, स्फटिक शिला, राम शैया और हनुमान धारा आज भी अपने प्राचीन पवित्र स्वरूप में विराजमान हैं।

बांदावासियों को अपने सौभाग्य का बोध कराते हुए उन्होंने कहा कि जैसे बद्रीनाथ की तपस्या से ब्रज में जन्म मिलता है, वैसे ही चित्रकूट की परिधि में जन्म लेना भी पूर्व जन्म की तपस्या का फल है। उन्होंने श्रद्धालुओं से तीर्थों और गंगा जी की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पवित्र नदियों में साबुन से कपड़े धोना, कूड़ा डालना या पुराने वस्त्र छोड़ आना उचित नहीं है; इससे पवित्रता तो नहीं जाती, पर स्वच्छता चली जाती है। स्वच्छता के लिए केवल सरकार पर निर्भर रहने के बजाय हर भारतवासी को स्वयं पहल करनी चाहिए।

व्यास पीठ से सदर विधायक की मुक्तकंठ प्रशंसा : ‘संतों की कृपा और शास्त्रों के प्रति है अद्भुत अनुराग’
कथा के प्रारंभ में पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने बांदा सदर विधायक श्री प्रकाश द्विवेदी के व्यक्तित्व और उनकी धार्मिक निष्ठा की व्यास पीठ से मुक्तकंठ प्रशंसा की। उन्होंने विधायक जी को सहज, सुहृद, समाजसेवी, भक्तसेवी, धामसेवी, नामसेवी, संतसेवी और जनसेवी बताते हुए कहा कि उनके व उनके पूरे परिवार, पूज्य पिताजी और माताजी के आशीर्वाद व मंगल भाव से बांदा में यह पावन आयोजन हो रहा है।

चित्रकूट यात्रा के दौरान साथ बिताए समय का उल्लेख करते हुए महाराज जी ने कहा कि पहले उनका इतना घनिष्ठ परिचय नहीं था, लेकिन कल से अब तक साथ बैठने पर यह स्पष्ट अनुभव हुआ कि विधायक जी पर संतजनों, ऋषिजनों और ब्राह्मणों की विशेष कृपा है। उन्होंने श्रोताओं को बताया कि प्रकाश जी श्रीमद्भागवत, शिव पुराण व अन्य पुराणों का स्वाध्याय कर चुके हैं और रामचरितमानस का तो दिन-रात पाठ करते हैं। महाराज जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “यह मत समझिएगा कि वे हमारी कथा करा रहे हैं इसलिए मैं उनकी प्रशंसा कर रहा हूं; संग रहकर जो अनुभव किया है, वही कह रहा हूं। शास्त्रों के प्रति ऐसी जिज्ञासा भगवद कृपा के बिना संभव नहीं है।”

आस्था के साथ सेवा का महायज्ञ : कथा में अनवरत चल रहा 6 दिवसीय विशाल भंडारा
पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में आयोजित श्री भक्त चरित्र कथा के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए छह दिवसीय विशाल भंडारे की अनवरत व्यवस्था की गई है। दूर-दराज और ग्रामीण अंचलों से कथा श्रवण करने पहुंच रहे हजारों भक्तों को प्रतिदिन श्रद्धा व सम्मान के साथ महाप्रसाद ग्रहण कराया जा रहा है। कथा पंडाल के समीप चल रहे इस सेवा महायज्ञ में स्वच्छता और सुव्यवस्थित वितरण का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान, बांदा के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे और अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’ के मार्गदर्शन में भंडारे की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को तीन प्रमुख समितियों के दायित्वधारक पूरी तन्मयता से संभाल रहे हैं। इसमें भंडारा निर्माण व्यवस्था की कमान श्री द्वारिका सोनी, प्रसाद एवं भंडारा वितरण व्यवस्था का दायित्व श्री आनंद बाजपेई तथा भंडार गृह व्यवस्था की जिम्मेदारी श्री राकेश बाजपेई अपने सहयोगियों के साथ दिन-रात जुटकर निभा रहे हैं।

कथा प्रसंग : जब एक बार ‘हरि बोल’ का फल पूछने यमराज-ब्रह्मा-शिव संग वैकुंठ पहुंचा पापी जीव
महाराज जी ने श्री नित्यानंद महाप्रभु का प्रसंग सुनाया, जो घर-घर जाकर अन्न-धन के बजाय केवल एक बार ‘हरि बोल’ की भिक्षा मांगते थे। जब गृहस्थों ने कहा कि सब भजन करेंगे तो भोजन कौन बनाएगा, तो महाप्रभु ने सहज भाव से कहा कि चाकू और कड़ाही मुझे दो, मैं भोजन बना दूंगा, तुम बस एकांत में बैठकर ‘हरि बोल’ कहो।
इसकी महिमा समझाते हुए उन्होंने एक पापी जीव की कथा सुनाई, जिसे मृत्यु के बाद यमराज खौलते तेल में डालने जा रहे थे। उस जीव ने पहले जीवन में एक बार कहे ‘हरि बोल’ का फल मांगा। यमराज को लाखों बार नाम जप का फल तो पता था, पर एक बार के ‘हरि बोल’ का फल नहीं ज्ञात था। वह जीव पालकी पर बैठकर जाने की शर्त पर अड़ गया और स्वयं यमराज भैंसे पर आगे-आगे चलकर उसे पहले ब्रह्मा जी, फिर नारद जी और फिर कैलाश में महादेव के पास ले गए। कोई भी एक बार ‘हरि बोल’ की महिमा का माप नहीं बता सका। अंततः सभी देवगण उसे पालकी में लेकर वैकुंठ में श्रीमन्नारायण के पास पहुंचे। तब भगवान नारायण ने हंसते हुए कहा, “जिसे पालकी में बैठाकर स्वयं यमराज, ब्रह्मा, नारद और शिव वैकुंठ लेकर आएं, यही एक बार ‘हरि बोल’ बोलने का फल है।” यह कहकर प्रभु ने उसे अपनी गोद में बैठा लिया।

कथा प्रसंग : नेत्रहीन सूरदास की गुरु-निष्ठा और सेन नाई के लिए स्वयं नारायण बने सेवक
गुरु के प्रति अटूट भरोसे की शक्ति को समझाने के लिए महाराज जी ने दो अत्यंत मार्मिक चरित्र सुनाए:

संत सूरदास जी की दिव्य दृष्टि: ब्रज के महान संत सूरदास जी के दोनों नेत्र नहीं थे, फिर भी वे मंदिर में खड़े होकर ठाकुर जी की पोशाक और श्रृंगार का सटीक वर्णन कर देते थे। एक दिन परीक्षा लेने के लिए गोसाईं जी ने ठाकुर जी को वस्त्र ही नहीं पहनाए और केवल मोतियों की माला धारण कराई। तब सूरदास जी ने मंद-मंद मुस्कुराते हुए पद गाया, “आज हरि देखे नंगम नंगा, जलसुत भूषण अंग विराजत, वसनहीन छवि उठत तरंगा।” साथ ही उन्होंने दही खाते बाल गोपाल की लीला भी वर्णित कर दी। जब लोगों ने इसका रहस्य पूछा, तो सूरदास जी ने उत्तर दिया, “भरोसो दृढ़ इन चरनन केरो, श्री वल्लभ नख चंद्र छटा बिन सब जग माहिं अंधेरो”। अर्थात गुरुदेव के चरणों पर अडिग विश्वास से ही उन्हें यह दिव्य दर्शन प्राप्त होता है।

भक्त सेन नाई और राजा का चमत्कार: भक्तमाल की कथा सुनाते हुए महाराज जी ने बताया कि राजा की हजामत करने वाले सेन नाई ने काशी में श्रीमद रामानंदाचार्य जी से दीक्षा ली थी, जिन्होंने उन्हें गृहस्थाश्रम में रहकर संत सेवा करने की आज्ञा दी थी। एक दिन अयोध्या से जगन्नाथ पुरी जा रहे संतों की जमात उनके घर रुकी और कथा श्रवण में सेन नाई इतने तल्लीन हो गए कि राजा की सेवा में जाना भूल गए। क्रोधित राजा जब उनका वध करने निकला, तभी सेन नाई का रूप धरकर स्वयं ठाकुर जी वहां पहुंच गए और राजा की इतनी अद्भुत सेवा व मालिश की कि राजा निहाल हो गया। तेल के पात्र में प्रतिबिंब देखने पर राजा को सेन नाई के स्थान पर मोर-मुकुट बंशीधारी श्री ठाकुर जी के दर्शन हुए, जिसके बाद प्रभु ने उन्हें सुला दिया। बाद में जब वास्तविक सेन नाई संतों संग क्षमा मांगने पहुंचे, तब राजा को सत्य का बोध हुआ। महाराज जी ने संदेश दिया कि भक्तों के संग लगे रहने से कई बार उनके भजन के फल से दूसरों को भी भगवद दर्शन प्राप्त हो जाते हैं।

द्वितीय दिवस की झलकियां व अमृतवाणी
• ब्रज बनाम चित्रकूट के जयकारे: कथा के आरंभ में महाराज जी ने हंसी-मजाक में श्रोताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि हम ब्रज वालों के आगे चित्रकूट क्षेत्र के लोगों की आवाज फीकी पड़ रही है, जिसके बाद पूरे पंडाल में ‘जय श्री कृष्ण’, ‘जय सियाराम’, ‘जय श्रीमन्नारायण’ और ‘जय जगन्नाथ’ के गगनभेदी जयकारे गूंज उठे।
• संकीर्तन पर झूमे भक्त: “मैया तेरे पांव पड़ूं एक बार हरि बोल…” और “प्रेम दाता निताई बोले बोल हरि-हरि बोल…” संकीर्तन पर महिलाओं व श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर खूब आनंद लिया।
• सद्गुरु की पहचान: महाराज जी ने बताया कि सच्चे गुरु को मनुष्य नहीं ढूंढता, बल्कि गुरु स्वयं शिष्य को ढूंढ लेते हैं; जिनकी वाणी सुनते ही मन में स्थिरता आ जाए और अपने विकार सुधारने की इच्छा जागे, समझ लो वही गुरु हैं।
• तबीयत नासाज, पर उत्साह अडिग: महाराज जी ने बताया कि स्वास्थ्य पूरी तरह अनुकूल न होने के बावजूद बांदा के भक्तों के प्रेम और चित्रकूट के सत्संग से उन्हें अपार सुख मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *