अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। रेलवे ट्रैक सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद बांदा के ग्राम सिमरिया मृदहा स्थित पंचायत भवन में रेलवे पुलिस द्वारा एक संयुक्त जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में ग्रामीणों, संभ्रांत नागरिकों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लेकर रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और ऐसे अपराधों को रोकने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक रेलवे, लखनऊ प्रकाश डी एवं पुलिस महानिरीक्षक रेलवे, प्रयागराज एन. कोलांची के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
गोष्ठी के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, ट्रेनों पर पत्थरबाजी और रेलवे मार्ग अवरुद्ध करने जैसी घटनाओं से होने वाली संभावित जनहानि एवं संपत्ति नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों पर पत्थर फेंकना या रेलवे ट्रैक पर बाधा उत्पन्न करना गंभीर दंडनीय अपराध है, जिससे यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है तथा रेलवे संपत्ति को भारी नुकसान हो सकता है।
रेलवे पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति रेलवे ट्रैक के आसपास संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे या पत्थरबाजी जैसी गतिविधियों में संलिप्त मिले, तो इसकी सूचना तुरंत जीआरपी हेल्पलाइन नंबर 1512 अथवा यूपी-112 पर दें।
पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जागरूकता अभियान के माध्यम से युवाओं और बच्चों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि रेल यात्रा को सुरक्षित और निर्बाध बनाया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रेलवे झांसी सलीम खान, क्षेत्राधिकारी अतर्रा/नरैनी प्रवीण, प्रभारी जीआरपी बांदा शेरे आलम, प्रभारी आरपीएफ बांदा श्रीमती सुरूचि द्विवेदी, थाना प्रभारी अतर्रा अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में रेलवे पुलिस ने जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस के संयुक्त गश्त को और मजबूत करने तथा स्थानीय संभ्रांत व्यक्तियों एवं वालंटियरों की समिति बनाकर रेलवे ट्रैक की निगरानी बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
