मंदसोर / नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)--जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने जिले में संचालित जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फील्ड में कार्यरत प्रगणकों से मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा कार्य के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्याओं एवं कठिनाइयों पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन परिवारों द्वारा स्वगणना की जा चुकी है, वहां स्वगणना आईडी का उपयोग करते हुए ही जनगणना कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रहे तथा प्रत्येक स्तर पर डेटा की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से अपील की कि राष्ट्रहित के इस महत्वपूर्ण कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ संपादित करें, जिससे जिले से शत-प्रतिशत सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े प्राप्त हो सकें।
उल्लेखनीय है कि मंदसौर जिले द्वारा प्रदेश में सर्वाधिक लगभग 48 हजार स्वगणना आईडी का उपयोग करते हुए जनगणना कार्य किया गया है, जो जिले में डेटा गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशिक्षण नोडल अधिकारी सत्येंद्र राठौर एवं जनगणना से जुड़े कर्मचारी उपस्थित थे।
