अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
लखनऊ। फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश द्वारा मंगलवार को गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 500 से अधिक फोटोग्राफर्स ने भाग लेकर अपने पेशे से जुड़ी समस्याओं और चुनौतियों को संगठन के समक्ष रखा।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चन्द्र वर्मा ने सभी प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि फोटोग्राफर्स के हितों की रक्षा के लिए जल्द ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर महासचिव सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विकास बाबू, उपाध्यक्ष रूप श्रीवास्तव, नीरज वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता दीपक कपूर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
चित्रकूट धाम मंडल प्रभारी सुनील सक्सेना ने अपने संबोधन में फोटोग्राफर्स से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। इसके साथ ही राजेश गुप्ता, अमृत लाल गुप्ता, राधे श्याम साहू, धीरेन्द्र गुप्ता और मो0 शफीक सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

सम्मेलन को फोटोग्राफर्स के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जहां न केवल समस्याओं पर खुलकर चर्चा हुई बल्कि उनके समाधान के लिए संगठनात्मक स्तर पर ठोस कदम उठाने की प्रतिबद्धता भी दिखाई गई।
