बेटे से मारपीट के बाद मां के साथ भी मारपीटने का आरोप

*            ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

0-शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, कार्रवाई की मांग

जालौन। नगर के मोहल्ला दबगरान निवासी एक महिला ने दो युवकों पर उसके बेटे के साथ मारपीट करने तथा पुलिस से शिकायत करने पर उसके साथ भी मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली प्रभारी को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

मोहल्ला दबगरान निवासी सुबीना पत्नी जाबिर उर्फ अइय्या ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 15 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े छह बजे शमी और सामिर ने उसके पुत्र चांद के साथ कथित रूप से गाली-गलौज व मारपीट की। महिला का आरोप है कि उसके बेटे को गाड़ी में डालकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया। घटना के बाद उसने मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की।

पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बाद दोनों युवक छोटे बिजली घर के पास पहुंचे और उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे सड़क पर पटककर पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मौके पर लोग एकत्र हो गए और बीच-बचाव कर उसे बचाया।

महिला ने शिकायती पत्र में बताया कि उसके पुत्र के साथ बड़ी सब्जी मंडी में हुई घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पीड़िता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *