*शारदीय नवरात्रि के छठवें दिन मां कात्यायनी की आराधना, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब*

    ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

0– घंटी-घड़ियाल और ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजे देवी मंदिर, नगर से गांवों तक भक्तिमय माहौल
0- कैथ के देवी मंदिर में वरिष्ठ नागरिक सुनील श्रीवास्तव ने की प्रथम आरती
जालौन। शारदीय नवरात्रि के छठवें दिन शुक्रवार को देवी भक्तों ने मां दुर्गा के छठवें स्वरूप मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। सुबह से ही नगर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। घंटी-घड़ियाल की ध्वनि और ‘जय माता दी’ के जयकारों से नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों का वातावरण भक्तिमय हो गया।
देवी भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर माता रानी को चुनरी, चंदन, पुष्प आदि अर्पित कर पूजा-अर्चना की। नगर स्थित बड़ी माता मंदिर, छोटी माता मंदिर समेत विभिन्न मोहल्लों के देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं और बच्चों ने भी माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
वहीं, मोहल्ला नारोभास्कर में विराजमान माता रानी की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और जयकारे लगाए। शाम होते ही देवी पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। देवी गीतों और माता रानी के जयकारों से आसपास का क्षेत्र गूंज उठा।
*कैथ के देवी मंदिर में हुई प्रथम आरती*
कैथ स्थित देवी मंदिर में नवरात्रि के अवसर पर प्रथम आरती का आयोजन किया गया। गांव के वरिष्ठ नागरिक सुनील श्रीवास्तव ने माता रानी की प्रथम आरती की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु मौजूद रहे और माता रानी के जयकारे लगाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी शारदीय नवरात्रि की धूम रही। लहचूरा, खनुआ, गिदौसा, धंतौली, धनोरा, मकरंदपुरा और उरगांव समेत आसपास के गांवों में देवी मंदिरों एवं पंडालों में भक्तों ने मां कात्यायनी की आराधना की। जगह-जगह देवी गीत, भजन और कीर्तन के आयोजन से देर शाम तक माहौल भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *