ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
[av
जालौन। नगर के सारंगपुर रोड स्थित डायमंड कोल्ड स्टोर में शुक्रवार को कोबरा सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने काफी सतर्कता बरतते हुए कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद कोल्ड स्टोर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
कोबरा अत्यंत विषैला सांप माना जाता है और उसके काटने से गंभीर खतरा हो सकता है। ऐसे में वन विभाग की टीम की तत्परता से संभावित हादसा टल गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर उसके साथ छेड़छाड़ या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें।