. रमपुरवा से उठी शिक्षा की लौ: “अंत्योदय उत्थान केंद्र” का शुभारंभ, वंचित बच्चों के लिए नई उम्मीद

Blog

सोनू करबरिया की रिपोर्ट

.
रमपुरवा |     vपूर्व माध्यमिक विद्यालय, रमपुरवा में आज शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल की शुरुआत हुई। टीम संकल्प के संरक्षक श्री रामानंद मिश्रा जी के जन्मदिवस के अवसर पर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए प्रथम “अंत्योदय उत्थान केंद्र” का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र न केवल शिक्षा प्रदान करने का माध्यम बनेगा, बल्कि उन बच्चों के सपनों को नई दिशा देने का कार्य करेगा, जो अब तक संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते थे।
कार्यक्रम के दौरान टीम संकल्प के सदस्यों, गांव के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में बच्चों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी साधन बताते हुए कहा कि किसी भी बच्चे का भविष्य केवल आर्थिक अभाव के कारण प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि इस पहल को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और इसे एक जनआंदोलन का स्वरूप दें।
इस अवसर पर यह भी स्पष्ट किया गया कि “अंत्योदय उत्थान केंद्र” केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार देने की योजना है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा का प्रकाश पहुंच सके।
यह केंद्र उस दृढ़ विश्वास का प्रतीक है कि सच्चे संकल्प और सामूहिक प्रयास से हर कठिनाई को पार किया जा सकता है। रमपुरवा से प्रज्वलित यह शिक्षा की ज्योति अब दूर-दूर तक उजाला फैलाने के लिए अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *